भोपाल

बलराम जन्मोत्सव में दिखा आस्था और कृषि संस्कृति का संगम: मंत्री टेटवाल ने चल समारोह में लिया हिस्सा, ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान में किया पौधारोपण

भोपाल

 

सारंगपुर। सारंगपुर विधानसभा क्षेत्र के ग्राम पांदा में भगवान श्री घरणीघर जन्मोत्सव एवं बलराम कृषि महोत्सव के दौरान धार्मिक आस्था, भारतीय कृषि संस्कृति और पर्यावरण संरक्षण का अनूठा संगम देखने को मिला। भव्य चल समारोह में मध्यप्रदेश शासन के कौशल विकास एवं रोजगार विभाग मंत्री डॉ. गौतम टेटवाल शामिल हुए। उन्होंने भगवान श्री बलराम की पूजा-अर्चना कर क्षेत्र की सुख-समृद्धि और किसानों की उन्नति की कामना की।

मंत्री टेटवाल चल समारोह में शामिल होने के बाद ग्राम पांदा स्थित श्री घरणीघर राधाकृष्ण मंदिर पहुंचे, जहां उन्होंने दर्शन-पूजन किया। इस दौरान जयकारों से पूरा गांव भक्तिमय हो गया। श्रद्धालुओं और ग्रामीणों ने उत्साह के साथ भगवान श्री बलराम जन्मोत्सव मनाया।

बलराम कृषि महोत्सव के माध्यम से भगवान श्री बलराम को भारतीय कृषि परंपरा और किसान जीवन से जोड़ते हुए अन्नदाता के सम्मान का संदेश दिया गया। भगवान बलराम को हल, धरती और कृषि से जुड़े श्रम का प्रतीक माना जाता है। आयोजन में खेती-किसानी की परंपराओं को नई पीढ़ी तक पहुंचाने और ग्रामीण संस्कृति के संरक्षण पर भी जोर दिया गया।

मंत्री डॉ. गौतम टेटवाल ने शासकीय उत्तर माध्यमिक विद्यालय परिसर में ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत पौधारोपण किया। उन्होंने कहा कि कृषि की समृद्धि जल, मिट्टी और पर्यावरण संरक्षण से जुड़ी है। प्रत्येक व्यक्ति को पौधारोपण के साथ उसकी देखभाल की जिम्मेदारी भी निभानी चाहिए।

उन्होंने कहा कि पेड़ केवल पर्यावरण संरक्षण का माध्यम नहीं, बल्कि जल संरक्षण, मिट्टी की उर्वरता और आने वाली पीढ़ियों के बेहतर भविष्य से भी जुड़े हैं। ग्रामीण क्षेत्रों में जल एवं भूमि संरक्षण के लिए जनभागीदारी बढ़ाना समय की जरूरत है।

कार्यक्रम में पूर्व विधायक गुलाब सिंह सुस्तानी, भाजपा प्रदेश महिला मोर्चा महामंत्री मोना सुस्तानी, प्रदेश किसान मोर्चा उपाध्यक्ष राजेंद्र सिंह, जनपद अध्यक्ष देवनारायण नागर, मंडल अध्यक्ष गिरवर भंडारी, जनपद उपाध्यक्ष कैलाश नागर सहित भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता, ग्रामीणजन एवं बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।

पांदा का यह आयोजन धार्मिक आस्था के साथ किसान, कृषि और प्रकृति के सम्मान का संदेश देकर संपन्न हुआ।