भोपाल

जनसमस्याओं को लेकर दिग्विजय सिंह से मिला कांग्रेस का प्रतिनिधिमंडल: कहा-साहब न बिजली मिल रही न फ़सल बीमा का लाभ

भोपाल

 

सारंगपुर की क्षेत्रीय जनसमस्याओं के त्वरित समाधान की मांग को लेकर कांग्रेस के प्रतिनिधिमंडल ने पूर्व मुख्यमंत्री और वरिष्ठ कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह से वरिष्ठ कांग्रेस नेता प्रदीप जैन के नेतृत्व में मुलाकात की। इस दौरान क्षेत्र में लगातार गहराते संकटों और आम जनता को हो रही परेशानियों से उन्हें अवगत कराया गया। प्रतिनिधिमंडल में जिला कांग्रेस कमेटी के सचिव कमल सिंह राणा के साथ दीपक कुमार प्रजापति और दिनेश पुरी मुख्य रूप से मौजूद रहे। इस दौरान प्रतिनिधि मंडल ने बताया कि सारंगपुर क्षेत्र में लगातार हो रही बिजली कटौती से ग्रामीण और शहरी जनता बेहाल है। इससे घरेलू कामकाज के साथ-साथ व्यापार भी प्रभावित हो रहा है। किसानों को प्राकृतिक आपदा और मौसम की मार से हुए नुकसान का अब तक उचित मुआवजा नहीं मिला है। प्रतिनिधिमंडल ने फसल बीमा योजना का लाभ जल्द से जल्द किसानों के खातों में ट्रांसफर करने की मांग उठाई। कई इलाकों में पीने के पानी की भारी किल्लत है। जल संकट के कारण लोगों को दूर-दूर से पानी लाने पर मजबूर होना पड रहा है। प्रतिनिधिमंडल की बातों को ध्यानपूर्वक सुनने के बाद दिग्विजय सिंह ने आश्वासन दिया कि इन सभी ज्वलंत मुद्दों को शासन-प्रशासन के सामने मजबूती से उठाया जाएगा और जनता को राहत दिलाने के लिए हर संभव प्रयास किया जाएगा।