बोड़ा। पुत्रदा एकादशी के पावन अवसर पर राजगढ़ जिले के नरसिंहगढ़ विधानसभा क्षेत्र के ग्राम झाड़पीपलिया स्थित खाटूश्याम बाबा मंदिर में आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा। एकादशी के अवसर पर बाबा खाटूश्याम का भव्य एवं आकर्षक फूलों से श्रृंगार किया गया, जिसे देखने और बाबा के दर्शन करने के लिए हजारों की संख्या में श्रद्धालु मंदिर पहुंचे।
मंदिर परिसर में दिनभर भक्तों की आवाजाही बनी रही। श्रद्धालुओं ने बाबा खाटूश्याम के दर्शन कर पूजा-अर्चना की और सुख-समृद्धि की कामना की। भक्तिमय वातावरण के बीच मंदिर परिसर बाबा के जयकारों से गूंजता रहा।
श्रद्धालुओं के लिए महाप्रसादी और जलपान की व्यवस्था
श्री बाबा खाटूश्याम मंदिर समिति झाड़पीपलिया द्वारा एकादशी पर मंदिर पहुंचने वाले श्रद्धालुओं के लिए महाप्रसादी एवं जलपान की विशेष व्यवस्था की गई। साथ ही भक्तों के लिए महाआरती का आयोजन भी किया गया। समिति के सदस्यों और कार्यकर्ताओं ने व्यवस्थाओं में सहयोग करते हुए श्रद्धालुओं की सेवा की।
पांच बार होती है बाबा की आरती
मंदिर समिति के सदस्यों ने बताया कि मंदिर में प्रतिदिन बाबा खाटूश्याम की पांच बार आरती की जाती है। मंदिर परिसर में बाबा खाटूश्याम के साथ बाबा महाकाल, भगवान श्री गणेश, बालाजी हनुमान, राधा-कृष्ण सहित अन्य देवी-देवताओं की प्रतिमाएं भी स्थापित हैं। श्रद्धालु एक ही परिसर में विभिन्न देवी-देवताओं के दर्शन कर पुण्य लाभ प्राप्त करते हैं।
पुत्रदा एकादशी पर मंदिर में उमड़ी हजारों श्रद्धालुओं की भीड़ ने झाड़पीपलिया के खाटूश्याम मंदिर को भक्तिमय बना दिया। देर शाम तक दर्शन और पूजा-अर्चना का सिलसिला जारी रहा।