आगर जिले की कृषि उपज मंडी से महाराष्ट्र के हिंगलघाट के लिए रवाना हुआ करीब 20 लाख रुपए कीमत की सोयाबीन से भरा ट्रक कन्नौद थाना क्षेत्र में खाई में गिरने के बाद आग की चपेट में आ गया। घटना के बाद सोयाबीन मालिक ने ट्रक हादसे को संदिग्ध बताते हुए साजिश की आशंका जताई है। शिकायत पर कन्नौद पुलिस ने ट्रक मालिक समेत तीन लोगों के खिलाफ चोरी, आपराधिक विश्वासघात, संपत्ति को नुकसान पहुंचाने, धमकी और साजिश जैसी गंभीर धाराओं में केस दर्ज किया है। पुलिस ने एक आरोपी को हिरासत में लिया है।
20 अगस्त को 320 बोरी सोयाबीन लेकर निकला था ट्रक
फर्म मेसर्स गोविंदकुमार श्यामसुंदर के मालिक गोविंद अग्रवाल के अनुसार 20 अगस्त को ट्रक क्रमांक MP04HE4288 में 320 बोरी यानी करीब 285 क्विंटल सोयाबीन भरकर हिंगलघाट भेजी गई थी। माल की कीमत करीब 20 लाख रुपए थी। ट्रक का 30 हजार रुपए भाड़ा एडवांस दिया गया था।
पहले खराबी बताई, फिर 5 हजार और डलवाए
21 अगस्त को ड्राइवर रईस ने अकोदिया में ट्रक खराब होने की जानकारी दी। मरम्मत के नाम पर 5 हजार रुपए और डलवाए गए। 22 अगस्त को ट्रक मालिक शादाब ने बताया कि गाड़ी ठीक हो गई है और रात 12 बजे रवाना होगी।
सुबह फोन आया- खाई में गिरकर जल गया ट्रक
23 अगस्त सुबह करीब 7 बजे ड्राइवर ने फोन कर बताया कि आष्टा के आगे कन्नौद थाना क्षेत्र में ट्रक खाई में गिर गया और उसमें आग लग गई है। गोविंद अग्रवाल मौके पर पहुंचे तो ट्रक के टायर जल रहे थे। उनका दावा है कि मौके पर सिर्फ 20-25 क्विंटल सोयाबीन बिखरी मिली, जबकि बाकी माल की जली हुई सोयाबीन वहां दिखाई नहीं दी।
सवाल पूछने पर जान से मारने की धमकी का आरोप
गोविंद अग्रवाल ने पुलिस को बताया कि घटना को लेकर सवाल करने पर उन्हें धमकी दी गई। आरोप है कि कहा गया- “तुझे भी घाटी से धकेलकर मौत के घाट उतार दूंगा।” इसके बाद उन्होंने ट्रक को जानबूझकर खाई में गिराकर आग लगाने की आशंका जताई।
एक आरोपी हिरासत में, दो की तलाश
ट्रांसपोर्टर गोविंद गोस्वामी और गोविंद अग्रवाल की शिकायत पर कन्नौद पुलिस ने ट्रक मालिक शादाब निवासी सारंगपुर, ड्राइवर गोलू उर्फ शोएब निवासी सारंगपुर और ड्राइवर रईस पिता यूसुफ शाह निवासी धनाना, शाजापुर के खिलाफ केस दर्ज किया है। रईस को हिरासत में लिया गया है, जबकि शादाब और शोएब की तलाश जारी है।
पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि 285 क्विंटल सोयाबीन में से कितना माल जला और कितना गायब है। साथ ही ट्रक में आग लगने और उसके खाई में गिरने की परिस्थितियों की जांच की जा रही है।